Wed. Sep 9th, 2026

पटेलनगर से घर लौट रहे बैंक कर्मी पर फायरिंग, हालत खतरे से बाहर

देहरादून: पटेलनगर से बड़ोवाला घर लौट रहे निजी बैंक कर्मी पर मंगलवार रात बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली पेट को छूकर निकलने से युवक घायल हो गया। उसे श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी है। देर रात तक फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी।

घटना रात करीब आठ बजे की है। डीएसपी चौक निवासी सत्यम पटेलनगर क्षेत्र स्थित उज्जीवन बैंक में कर्मचारी हैं। मंगलवार रात वह अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से घर लौट रहे थे। बड़ोवाला में रास्ते में एक बाइक आकर उनके स्कूटर के सामने रुक गई। सत्यम ने स्कूटर रोक दिया। इसी दौरान बाइक सवार युवकों में से एक ने अचानक उन पर गोली चला दी।

गोली सत्यम के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घायल सत्यम को उपचार के लिए श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल ले जाया गया।

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्र में तलाश कर रही है। देर रात तक फायरिंग के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *