Wed. Apr 22nd, 2026

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर भट्ट का दबदबा कायम, सभी वरिष्ठ नेताओं का मिला समर्थन

देहरादून : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर महेंद्र भट्ट का लगातार दूसरी बार चुना जाना तय हो गया है। नामांकन प्रक्रिया में केवल उन्हीं का नामांकन हुआ, जिससे उनका निर्विरोध चयन सुनिश्चित हो गया है। मंगलवार को भाजपा की प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष बनने की औपचारिक घोषणा करेंगे। साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के भी नामों की घोषणा की जाएगी।

सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। महेंद्र भट्ट ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास को सौंपा। नामांकन के पांच सेट दाखिल किए गए जिन पर दस अलग-अलग प्रस्तावकों ने हस्ताक्षर किए।

इनमें सभी सेटों के मुख्य प्रस्तावक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा रहे। अन्य प्रस्तावकों में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल सहित कई विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल रहे।

राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए नामांकन करने वाले नेताओं में डॉ. धन सिंह रावत, अजय टम्टा, रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, अजय भट्ट, माला राज्यलक्ष्मी शाह और कल्पना सैनी शामिल हैं। इन सभी का चयन तय माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महेंद्र भट्ट के अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी ने सभी चुनावों में जीत दर्ज की और संगठन का विस्तार हुआ। उन्होंने कहा कि भट्ट का लंबा राजनीतिक अनुभव संगठन को गति देने में सहायक रहा है। अनिल बलूनी ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र पार्टी है जो सबसे निचली इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से नेतृत्व का चयन करती है।

मंगलवार को जब उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा होगी, तो महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के ऐसे पहले नेता बन जाएंगे जिन्हें लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने का अवसर मिलेगा। इससे पहले किसी भी प्रदेश अध्यक्ष को यह उपलब्धि नहीं मिली। भट्ट भाजपा के 10वें प्रदेश अध्यक्ष होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *