Thu. Sep 10th, 2026

हल्द्वानी में भाजपा का महामंथन, 2027 पर मंथन

हल्द्वानी : भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के पहले दिन पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अपना रुख साफ कर दिया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच ले जाने और कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में हुई बैठक को आगामी चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष-महामंत्री और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। दोपहर करीब तीन बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी हल्द्वानी पहुंचे। इस दौरान बाबा नीम करौली महाराज की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया गया। शाम पांच बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम सात बजे कोर कमेटी की बैठक में भी नितिन नवीन शामिल होंगे।

कार्यसमिति की बैठक में दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़ा प्रस्ताव केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने रखा। बैठक में वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस के रुख की भी आलोचना की गई। पहले राजनीतिक प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए उनका आभार जताया गया। दूसरे प्रस्ताव में हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले पर कांग्रेस के रुख की निंदा की गई। पार्टी ने तय किया कि वह विकास, विरासत और संरक्षण के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी और कांग्रेस के खिलाफ जनता के बीच अभियान चलाएगी।

नैनीताल भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि पूरे जिले में कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं में उन्हें देखने और सुनने को लेकर खास उत्साह है। उनके मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से पूरे प्रदेश में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और कई जगह कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उनके स्वागत के लिए जुट रहे हैं।

भाजपा की इस कार्यसमिति को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रियों और विधायकों के प्रदर्शन के आकलन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार टिकट के लिए केवल जीत-हार या सर्वे को आधार नहीं बनाया जाएगा, बल्कि संगठन की जमीनी रिपोर्ट को भी अहम माना जाएगा। विधायकों की क्षेत्र में सक्रियता, जनता और कार्यकर्ताओं से संपर्क, बूथ समितियों की स्थिति, मंडल स्तर पर संगठन की मजबूती और सरकार की योजनाओं की जमीनी पहुंच जैसे मुद्दों पर फीडबैक लिया जाएगा।

पार्टी स्तर पर मंत्री-विधायकों के साथ संगठन की भी समीक्षा की जाएगी। कमजोर बूथ, मंडल स्तर की गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की स्थिति पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। ऐसे में जिन मौजूदा चेहरों की रिपोर्ट मजबूत होगी, उनके दोबारा मैदान में उतरने की संभावना बढ़ सकती है, जबकि कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में नए चेहरों और सामाजिक समीकरणों पर मंथन हो सकता है। हालांकि भाजपा ने आधिकारिक तौर पर टिकट बदलने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में पार्टी को दूसरी बार काम करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बैठक में 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए दो महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए हैं। पार्टी ने बूथ स्तर तक की रणनीति तैयार कर ली है। उन्होंने निकाय चुनाव में 11 नगर निगमों और सहकारिता के छह जिलों में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि 2027 का चुनाव भी पूरी ताकत से लड़ा जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि पार्टी को उत्तराखंड में इतिहास रचते हुए तीसरा चुनाव भी पूरी मजबूती से जीतना है। उन्होंने सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य बनने के बाद दिल्ली-देहरादून का सफर सात घंटे से घटकर करीब ढाई घंटे रह गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी और उत्तराखंड को स्वर्णिम काल की ओर ले जाएगी।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि चुनाव जीतने का रास्ता बूथ से होकर जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में बूथ स्तर तक पहुंचेगी और 2027 में सत्ता में वापसी करेगी। तीरथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल की तारीफ करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड बनाया, जबकि मोदी उसे संवारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने धारचूला तक सड़क निर्माण और आपदा के दौरान केंद्र की मदद का भी जिक्र किया। साथ ही कहा कि भाजपा का पूरा फोकस बूथ जीतने पर रहेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आत्ममंथन का अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। धामी ने कहा कि 2014 से पहले देश में निराशा का माहौल था, लेकिन अब नया भारत सामने है। उन्होंने लैंड जिहाद और थूक जिहाद के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए दावा किया कि 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार अपने विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *