दून इंटरनेशनल स्कूल के सामने घर में खूनी खेल, पति ने पत्नी की कर दी हत्या
देहरादून : डालनवाला क्षेत्र में दून इंटरनेशनल स्कूल के सामने स्थित एक घर में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। विवाद के दौरान आवेश में आए पति ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मामले में आरोपित पति राम जी पाल को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान सोनू पाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राम जी पाल ने धारदार हथियार से सोनू पाल पर हमला कर दिया। हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित राम जी पाल राजमिस्त्री का काम करता है । उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और हत्या के पीछे तत्काल कारण क्या रहा। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। तीन बच्चों की मां सोनू पाल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ के आधार पर विवाद तथा हत्या की परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।