Thu. Sep 3rd, 2026

घर से नाराज होकर निकले रोहित की तालाब में मिली लाश

गोरखपुर: कैंट थाना क्षेत्र स्थित रामगढ़ताल में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉकर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।

कुछ देर बाद लापता व्यक्ति की तलाश में पहुंची एक महिला ने मोर्चरी में शव की पहचान अपने पति के रूप में की। मृतक की पहचान मोहद्दीपुर तुर्कलानी टोला निवासी 35 वर्षीय रोहित साहनी के रूप में हुई। वह घर पर सिलाई का काम करते थे और पत्नी पिंकी साहनी तथा दो बेटों रोहन (12) और साहिल (10) के साथ रहते थे।

पत्नी पिंकी साहनी ने बताया कि गुरुवार शाम किसी बात को लेकर पति से उनकी नोकझोंक हो गई थी। इसके बाद रोहित नाराज होकर घर से निकल गए थे। उनका मोबाइल भी बंद आ रहा था। परिवार के लोग रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।

शनिवार सुबह रामगढ़ताल में शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार ने कैंट पुलिस से संपर्क किया। मोर्चरी पहुंचने पर शव की पहचान रोहित साहनी के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिंकी साहनी ने पति की मौत के पीछे अपने साढ़ू की भूमिका होने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

कैंट क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार एस ने बताया कि शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *