Tue. Aug 25th, 2026

रिश्तों को किया तार-तार: मां को गोली मारने वाला बेटा गिरफ्तार

ऋषिकेश : आईडीपीएल चौकी क्षेत्र स्थित विस्थापित कॉलोनी में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने लोगों को स्तब्ध कर दिया। घरेलू विवाद के दौरान एक युवक पर अपनी ही मां को गोली मारने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, गली नंबर-3 निवासी उषा देवी और उनके बेटे सुमित गौड़ के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि सुमित ने अपनी मां पर गोली चला दी। गोली लगते ही उषा देवी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी बेटा ही अपनी घायल मां को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी पुलिस टीम के साथ पहले घटनास्थल पर पहुंचे, जहां से खून के निशान सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल महिला की स्थिति की जानकारी ली।

पुलिस का कहना है कि अभी तक विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। महिला के शरीर में गोली किस स्थान पर लगी, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय रिपोर्ट मिलने के बाद होगी। वहीं, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार के लाइसेंसी या अवैध होने की भी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि आरोपी युवक नशे का आदी हो सकता है और आशंका है कि घटना के समय वह नशे की हालत में था। हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल उषा देवी का एम्स ऋषिकेश में इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *