Sun. Apr 19th, 2026

955 पदों पर मेरिट के आधार पर हुई बीआरपी-सीआरपी की भर्ती : डॉ. रावत

देहरादून : समग्र शिक्षा परियोजना के अंतर्गत ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) एवं क्लस्टर रिसोर्स पर्सन (सीआरपी) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से शुरू हो गया। आने वाले समय में ये दोनों वर्ग विद्यालय और विभाग के बीच सेतु का कार्य करते हुए शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाने में योगदान देंगे। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एससीईआरटी सभागार में किया।

डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश में लंबे समय से रिक्त चल रहे बीआरपी-सीआरपी के 955 पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती की गई है। यह भर्ती रोजगार प्रयाग पोर्टल के जरिये मेरिट के आधार पर की गई है, जिसमें आरक्षण के नियमों का भी पालन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में समय अधिक जरूर लगा लेकिन इससे विभाग को योग्य और प्रतिभाशाली अभ्यर्थी मिले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित बीआरपी और सीआरपी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विभागीय कार्यों के निर्वहन में पूरी निष्ठा के साथ योगदान देंगे।

प्रशिक्षण के पहले दिन एससीईआरटी की निदेशक वंदना गर्ब्याल ने चयनित बीआरपी को स्कूल शिक्षा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी और उनके कार्य निष्पादन के गुर बताए। एपीडी समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला ने कहा कि बीआरपी का मुख्य उद्देश्य स्कूलों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को अप्रत्यक्ष सहयोग प्रदान करना है, जिसके लिए उन्हें विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को सफल बनाने में शिक्षा मंत्री के प्रयासों की सराहना की। प्रशिक्षण कार्यशाला में अपर निदेशक एससीईआरटी पदमेन्द्र सकलानी, उप परियोजना निदेशक अजीत भण्डारी और बी.पी. मंदोली ने भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर आउटसोर्स एजेंसी अलंकित के स्टेट हेड मोहर सिंह सहित विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

इसी कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने समग्र शिक्षा के तहत प्रदेशभर के 5,16,569 छात्र-छात्राओं को गणवेश की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये यह राशि सीधे छात्रों के बैंक खातों में भेजी गई। मंत्री ने कहा कि सरकार बच्चों की शिक्षा और अभिभावकों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए ठोस कदम उठा रही है। निःशुल्क गणवेश योजना अभिभावकों का बोझ कम करने के साथ बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *