Mon. Apr 20th, 2026

खतरनाक स्कूल भवनों पर चलेगा बुलडोजर, 63 स्कूलों में बन चुकी वैकल्पिक व्यवस्था

देहरादून : जिले में छात्रों की जान के लिए खतरा बने जर्जर स्कूल भवनों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर देहरादून जिले के 79 स्कूल भवनों को ध्वस्त किया जाएगा। इनमें से 63 स्कूलों में वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था पहले ही सुनिश्चित कर ली गई है, जिन्हें तत्काल प्रभाव से ध्वस्त किया जाएगा।

शेष 16 स्कूलों में पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी, उसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे अभियान के लिए प्रशासन ने एक करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है और सात दिनों के भीतर विस्तृत एस्टीमेट मांगा गया है।

104 स्कूलों का हुआ सर्वे

जिला प्रशासन द्वारा कराए गए सर्वे में कुल 104 स्कूलों की जांच की गई, जिसमें

79 स्कूल पूरी तरह जर्जर पाए गए

17 स्कूल आंशिक रूप से जर्जर

8 स्कूल सुरक्षित पाए गए

आंशिक रूप से जर्जर स्कूलों में सुरक्षा मानकों के अनुसार मरम्मत और आवश्यक प्रतिबंध लगाए जाएंगे।

बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यालय में जोखिमपूर्ण भवनों में शिक्षण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्रवाई पूरी तरह समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से की जाएगी।

ध्वस्त होने वाले स्कूलों का विवरण

माध्यमिक स्तर के स्कूल – 06

प्रारंभिक स्तर के स्कूल – 57

प्रशासन ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित स्कूलों में वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *