Fri. May 15th, 2026

गुजरात से आए तीर्थयात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, पाँच की मौत से मातम

टिहरी :  नरेंद्रनगर क्षेत्र में कुंजापुरी मंदिर के पास सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें गुजरात से आए यात्रियों से भरी बस लगभग 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में कुल 29 लोग सवार थे, जो कुंजापुरी मंदिर दर्शन के लिए आए थे। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तेजी से घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ वाहिनी नियंत्रण कक्ष ने पोस्ट ढालवाला, पोस्ट कोटि कॉलोनी और मुख्यालय से कुल पाँच टीमें तत्काल राहत-बचाव कार्य के लिए भेजीं। स्थानीय लोगों ने भी बिना समय गंवाए घायलों को निकालने में सहयोग किया।

मौके पर पहुँचकर पुलिस और राहत दलों ने खाई में गिरी बस तक पहुँचने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार, इस हादसे में पाँच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तीन गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि चार अन्य को श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर में भर्ती कराया गया है।सूत्रों के अनुसार, 17 यात्री सामान्य स्थिति में हैं और उनका प्राथमिक उपचार किया गया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहा है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *