उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देना पड़ा भारी, धमकी भरी पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार
देहरादून: उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने साइबर जांच, डिजिटल फुटप्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह को दबोच लिया। आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल धमकी भरा संदेश प्रसारित करने में किया गया था।
पुलिस के मुताबिक 23 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट करने की धमकी से जुड़ी पोस्ट तेजी से वायरल हुई थी। इस पोस्ट के बाद आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 353 तथा आईटी एक्ट की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सोशल मीडिया गतिविधियों, डिजिटल फुटप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार की गई साइबर निगरानी के बाद पुलिस ने 28 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद पुलिस की कार्रवाई से वह नाराज था। उसने सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े वीडियो देखने के बाद उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने और लोगों में दहशत फैलाने की नीयत से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से 25 जून को सभी पुलिस थानों में बम धमाके की धमकी संबंधी टिप्पणी पोस्ट की थी।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।