Sun. Apr 19th, 2026

मुख्यमंत्री धामी ने इंद्रमणि बडोनी की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, योगदान को किया नमन

देहरादून : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के गांधी के नाम से विख्यात, महान राज्य आंदोलनकारी श्री इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री बडोनी के जीवन, संघर्ष और उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री इंद्रमणि बडोनी उत्तराखंड राज्य आंदोलन की आत्मा थे। उनका संपूर्ण जीवन संघर्ष, त्याग, सादगी और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों और अहिंसक आंदोलन के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्र की जनता को एकजुट किया और अलग राज्य की मांग को जन-जन की आवाज बनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बडोनी का जीवन इस बात का उदाहरण है कि मजबूत संकल्प और निस्वार्थ भावना से बड़े से बड़ा परिवर्तन संभव है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए श्री इंद्रमणि बडोनी ने जिन परिस्थितियों में संघर्ष किया, वह आज भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने पहाड़ के दर्द, पलायन, बेरोजगारी और विकास की उपेक्षा को मुखरता से उठाया और लोकतांत्रिक तरीके से राज्य आंदोलन को दिशा दी। उनका योगदान केवल आंदोलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने राज्य की सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक चेतना को भी नई ऊर्जा प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बडोनी के विचार, उनका सत्य और अहिंसा का मार्ग, तथा राज्य हित के प्रति उनका निस्वार्थ सेवा भाव आज भी हम सभी के लिए मार्गदर्शक है। राज्य सरकार उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है, ताकि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन में अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा समर्पित करने वाले श्री इंद्रमणि बडोनी जैसे महान व्यक्तित्वों का स्मरण करना हम सबका कर्तव्य है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता की भावना को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे श्री इंद्रमणि बडोनी के विचारों और मूल्यों को अपनाते हुए उत्तराखंड के विकास में सहभागी बनें और राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *