Sat. Apr 18th, 2026

भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर, बंटे अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद

नैनीताल : जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए गए। भाजपा की उम्मीदवार दीपा दरम्वाल ने कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी को कड़े मुकाबले में हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। दीपा दरम्वाल मात्र एक वोट से चुनाव जीतीं। परिणाम घोषित होने के बाद यह खबर पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई।

जिला कोषागार नैनीताल में हुई मतगणना में दीपा दरम्वाल को 11 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी पुष्पा नेगी को 10 वोट हासिल हुए। वहीं एक वोट रद्द कर दिया गया। इस तरह भाजपा प्रत्याशी ने बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की। दूसरी ओर उपाध्यक्ष पद पर स्थिति और रोमांचक रही। भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी को समान मत मिले। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने टॉस के जरिए परिणाम घोषित किया, जिसमें कांग्रेस की देवकी बिष्ट विजयी घोषित हुईं और उपाध्यक्ष पद पर काबिज हो गईं।

गौरतलब है कि 14 अगस्त को नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुए थे। मतदान के बाद मतगणना तो करा दी गई थी, लेकिन हाईकोर्ट में मामला लंबित रहने के कारण परिणामों की घोषणा रोक दी गई थी। चुनाव परिणाम सीलबंद लिफाफे में डबल लॉकर में सुरक्षित रखे गए थे। आज निर्वाचन आयोग ने आधिकारिक रूप से परिणाम घोषित किए।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान स्थिति काफी तनावपूर्ण रही थी। वोटिंग के दिन ही पांच जिला पंचायत सदस्य रहस्यमय तरीके से गायब हो गए थे। इस पर कांग्रेस और भाजपा ने एक-दूसरे पर अपहरण का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने इस मुद्दे को हाईकोर्ट में उठाया था, जिसके चलते परिणाम की घोषणा पर रोक लग गई थी। 18 अगस्त को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें कोर्ट ने कानून-व्यवस्था को लेकर एसएसपी पर नाराज़गी जताई थी।

अब परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है, जबकि उपाध्यक्ष पद कांग्रेस के खाते में चला गया है। इससे जिला पंचायत में सत्ता समीकरण भी बदलते हुए दिखाई दे रहे हैं। चुनावी खींचतान और हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सामने आए इस परिणाम ने नैनीताल की सियासत में नया मोड़ ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *