Wed. Apr 22nd, 2026

कनेक्टिविटी बहाली को लेकर सीएम धामी ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात उत्तरकाशी स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर जनपद में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च-स्तरीय बैठक कर हर्षिल-धराली में बादल फटने से उत्पन्न स्थिति और राहत अभियानों की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने क्षेत्र में कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए विसेट और जेनसेट जल्द पहुंचाने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य सचिव ने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, आईटीबीपी समेत सभी एजेंसियां मौके पर तैनात हैं और राहत कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने भविष्य में ऐसी आपदाओं से निपटने के लिए पूर्वानुमान प्रणाली और संचार नेटवर्क को मजबूत करने की कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया।

उन्होंने हेलीकॉप्टर से लाए जा रहे प्रभावित लोगों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री लगातार स्थिति की जानकारी ले रहे हैं और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने रोड कनेक्टिविटी, विद्युत, जल और संचार सेवाओं की बहाली को प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *