Thu. Sep 3rd, 2026

परिवार की प्रतिष्ठा के विवाद में बेटी की हत्या, मां गंभीर घायल

फिरोजाबाद : थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई पत्नी पर भी उसने ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, नीलकंठ कॉलोनी निवासी राकेश राठौर अपनी बेटी मुस्कान से पिछले कुछ समय से नाराज चल रहा था। रविवार रात किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आए राकेश ने घर में रखे धारदार हथियार से मुस्कान पर कई वार कर दिए। बेटी को बचाने के लिए आगे आई पत्नी पुष्पा देवी पर भी उसने हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।

घर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना बसई मोहम्मदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल ट्रामा सेंटर भिजवाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुस्कान कुछ दिन पहले घर छोड़कर कहीं चली गई थी। इस घटना को लेकर पिता राकेश राठौर नाराज था और वह बेटी पर परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाता था। इसी रंजिश और गुस्से के चलते उसने यह वारदात अंजाम दी।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *