Fri. Oct 16th, 2026

अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग, देहरादून में कांग्रेस की बाइक रैली

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार को देहरादून में कांग्रेस और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आईएसबीटी से घंटाघर तक बाइक रैली निकालकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। रैली के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई, वहीं घंटाघर चौक पर जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मी चौक पर तैनात रहे।

कांग्रेस की बाइक रैली में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, विधायक समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने शिमला बाईपास चौक से भी बाइक रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

उधर, विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने गांधी पार्क के सामने जुटकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। देहरादून में हुए दोनों प्रदर्शनों के दौरान अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग केंद्र में रही। प्रदर्शनकारियों ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *