Tue. Jun 9th, 2026

पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पशुपालक ने उठाया खौफनाक कदम

रुद्रपुर/ देहरादून : भैंस चोरी के मामले में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट एक पशुपालक ने मंगलवार को गदरपुर कोतवाली परिसर में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम बमनपुरी निवासी राजेंद्र सिंह की कुछ समय पहले तीन भैंसें चोरी हो गई थीं। इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन बरामद करने का दावा किया था, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि उसे अब तक न्याय नहीं मिला। राजेंद्र सिंह ने पूर्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले में पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप भी लगाए थे।

पीड़ित का कहना था कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उसने कुछ पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाने, अभद्र व्यवहार करने तथा समझौते के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए थे। साथ ही उसने यह भी शिकायत की थी कि मामले में बरामद साक्ष्यों और आरोपियों को लेकर पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में है।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से मामले की पैरवी कर रहे राजेंद्र सिंह खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। इसी से आहत होकर उन्होंने कोतवाली परिसर में जहरीला पदार्थ निगल लिया। घटना के बाद मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

कोतवाली परिसर में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *