Mon. Aug 3rd, 2026

मोदीपुरम में 12 फीट से ऊंचा डीजे रोका, पुलिस ने ट्रक से उतरवाए अतिरिक्त बॉक्स

मोदीपुरम : दिल्ली-देहरादून कांवड़ यात्रा मार्ग पर मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास बनाए गए पुलिस कैंप (प्रेशर प्वाइंट) पर कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया गया। हरिद्वार से अलीगढ़ जा रही एक डाक कांवड़ के साथ चल रहे ट्रक पर निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई पर डीजे लगाया गया था। पुलिस ने जांच में पाया कि डीजे की ऊंचाई 12 फीट से अधिक है, जिसके बाद ट्रक को रोककर कार्रवाई की गई।

मोदीपुरम फ्लाईओवर पर उतरवाए बॉक्स

कार्रवाई के दौरान सीओ दौराला शिव ठाकुर, थाना प्रभारी दौराला भरत सारस्वत तथा प्रेशर प्वाइंट पर तैनात दिवसाधिकारी दारोगा मुनेश कुमार सिंह मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों को शासन की गाइडलाइन और सुरक्षा मानकों की जानकारी देते हुए ट्रक पर लगे डीजे के ऊपरी बॉक्स उतरवाए।

इस दौरान डाक कांवड़ के साथ चल रहे कुछ कांवड़ियों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि यह कदम केवल उनकी सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है। समझाने के बाद डीजे के अतिरिक्त बॉक्स ट्रक से उतरवा दिए गए।

हरिद्वार से अलीगढ़ जा रही 25 कांवड़ियों की डाक कांवड़ पर कार्रवाई

डाक कांवड़ के साथ करीब 25 कांवड़िये चल रहे थे। कार्रवाई पूरी होने के बाद सुरक्षा मानकों के अनुरूप कांवड़ को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 12 फीट से अधिक ऊंचाई और दस फीट चौड़ाई वाली कांवड़ अथवा डीजे को मार्ग पर चलने की अनुमति नहीं है। अधिक ऊंचाई होने पर सड़क के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनों की चपेट में आने अथवा डीजे गिरने जैसी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर ऐसे वाहनों की लगातार जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *