Thu. Aug 20th, 2026

नींद की झपकी बनी काल, लच्छीवाला हाईवे हादसे में चार की मौत

देहरादून: हरिद्वार और देहरादून घूमने आए हरियाणा के पर्यटकों का वाहन बुधवार को माता मणिमाई मंदिर के पास लच्छीवाला हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से टकरा गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को पुलिस और आपातकालीन टीमों ने अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया।

प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं के अनुसार, घायल विपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि हरियाणा से सात लोग मंगलवार को हरिद्वार आए थे। हरिद्वार घूमने के बाद बुधवार सुबह सभी देहरादून स्थित टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए गए। दर्शन के बाद उन्हें हरिद्वार होते हुए वापस हरियाणा लौटना था।

बताया गया कि जंगल क्षेत्र में हाईवे के पास वाहन चालक सोमपाल को नींद आने लगी थी। वाहन में सवार लोगों ने उसे कई बार टोका और संभलकर वाहन चलाने के लिए कहा, लेकिन इससे पहले चालक वाहन पर नियंत्रण कर पाता, तेज रफ्तार इको वैन सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि इको वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके एयरबैग खुल गए। टक्कर के बाद यूटिलिटी वाहन भी करीब 25 से 30 मीटर दूर जाकर डिवाइडर से टकरा गया।

हादसे के बाद पुलिस और आपातकालीन वाहनों की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। गंभीर घायलों aको अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान विनोद को कैलाश अस्पताल, चालक सोमपाल को कोरोनेशन अस्पताल और नरेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला में मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, हादसे की प्राथमिक वजह चालक को आई नींद की झपकी मानी जा रही है। घायल विपेंद्र सिंह ने भी बताया कि हाईवे पर चालक को कई बार झपकी आई थी और सभी ने उसे टोका था। इसके बावजूद वाहन पर नियंत्रण नहीं रखा जा सका।

कुआंवाला से लच्छीवाला टोल प्लाजा तक हाईवे व्यवस्थित होने के कारण वाहन अक्सर तेज रफ्तार में चलते हैं। कुआंवाला से माजरी ग्रांट तक बेहतर सड़क के चलते कई वाहन चालक गति पर नियंत्रण नहीं रखते। ऐसे में मामूली चूक भी बड़े हादसे का कारण बन रही है। तेज रफ्तार के कारण कई बार वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाते हैं।

हादसे में नरेश (42) पुत्र महावीर निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक, विनोद (40) पुत्र रमेश निवासी आर्य नगर, रोहतक और सोमपाल पुत्र लालाराम निवासी वार्ड नंबर पांच, रोहतक की मौत हुई है। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *