Wed. Dec 3rd, 2025

उत्तराखंड में शुष्क मौसम जारी, तापमान में उतार–चढ़ाव से बढ़ रही सर्दी

देहरादून: प्रदेश में पिछले करीब दो महीनों से जारी शुष्क मौसम अब लोगों को परेशान करने लगा है। बारिश न होने की वजह से दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है, लेकिन दिन में धूप तेज होने के कारण सामान्य तापमान में गिरावट नहीं आ रही है। इस सूखी ठंड के चलते मैदानों से लेकर पहाड़ों तक लोग असहज महसूस कर रहे हैं।

सोमवार के तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 25 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.8 डिग्री रहा। वहीं पर्वतीय जनपद नई टिहरी में मौसम का मिजाज अलग ही देखने को मिला। यहां दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 20.6 और रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 9.3 डिग्री दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में भी दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 21.3 और न्यूनतम तापमान भी 9.3 दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अक्टूबर से प्रदेश भर में धूप खिली हुई है। दिन भर तेज धूप रहने के कारण रात के तापमान में भी वृद्धि हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि तीन दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि लोग जिस बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं, वह जल्द पूरी हो सकती है।

चार दिसंबर से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम का यह पैटर्न सात दिसंबर तक बने रहने की उम्मीद है। लंबे समय से शुष्क मौसम और बढ़ती ठंड के बीच बारिश और बर्फबारी की यह संभावना कृषि से लेकर पर्यटन तक सभी क्षेत्रों के लिए राहत की उम्मीद जगाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *