Tue. Jun 16th, 2026

रुद्रप्रयाग: रैंतोली पेट्रोल पंप के पास खाई में गिरा वाहन, एक व्यक्ति की मौत

रुद्रप्रयाग : जनपद में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रैंतोली पेट्रोल पंप और झिरमौली के बीच एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रात भर चले रेस्क्यू अभियान के बाद वाहन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी ने बताया कि रात करीब 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रैंतोली पेट्रोल पंप के पास एक वाहन खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई।

अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी इलाके के चलते रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने नदी में गिरे वाहन तक पहुंच बनाकर उसमें फंसे व्यक्ति को अचेत अवस्था में बाहर निकाला। घायल को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया दुर्घटना वाहन के अनियंत्रित होने के चलते होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं तथा परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई चल रही है।घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने वाहन को खाई से निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *