Sun. Apr 19th, 2026

10 करोड़ 65 लाख रुपये की योजना को शिक्षा मंत्री ने दी मंजूरी

देहरादून : टिहरी जनपद में कलस्टर विद्यालय योजना के अंतर्गत चयनित पांच राजकीय इंटर कॉलेजों में भवन निर्माण और अन्य अवस्थापना कार्य शीघ्र शुरू होंगे। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इन विद्यालयों में निर्माण कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा आंगणित 10 करोड़ 65 लाख रुपये की धनराशि को मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार ने विद्यालयी शिक्षा को उन्नत बनाने और एक ही परिसर में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलस्टर विद्यालयों की स्थापना का निर्णय लिया है।

टिहरी जनपद के चयनित पांच विद्यालयों में सिंचाई विभाग, परियोजना खंड ऋषिकेश द्वारा तैयार आंगणन के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेज नागदेव पथल्ड के लिए 1 करोड़ 94 लाख, राजकीय इंटर कॉलेज बंगियाल के लिए 2 करोड़, राजकीय इंटर कॉलेज काण्डीखाल के लिए 2 करोड़ 26 लाख, राजकीय इंटर कॉलेज चाका (क्वीली) के लिए 1 करोड़ 90 लाख और राजकीय इंटर कॉलेज केशरधार नैचोली के लिए 2 करोड़ 55 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, प्रधानाचार्य कक्ष, कार्यालय कक्ष, स्टाफ कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, शौचालय का निर्माण होगा, साथ ही पुराने भवन की मरम्मत और अन्य सुविधाएं जुटाई जाएंगी। योजना का उद्देश्य छात्रों को एक ही परिसर में सभी विषयों के शिक्षक, आधुनिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, खेल सुविधाएं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करना है। डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रथम चरण में चयनित इन विद्यालयों के लिए धनराशि शीघ्र ही अवमुक्त कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *