Wed. Nov 11th, 2026

छठ पूजा पर रेलवे की स्पेशल ट्रेन भी पड़ी कम, यात्रियों की भारी भीड़

देहरादून: छठ पूजा का पर्व मनाने के लिए अपने घरों को लौट रहे यात्रियों की भारी भीड़ के आगे रेलवे की विशेष ट्रेनें भी कम पड़ गईं। मंगलवार को देहरादून रेलवे स्टेशन पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। ट्रेनों में हालात ऐसे रहे कि यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल पाई। कई लोग फर्श पर बैठकर तो कई खड़े होकर सफर करने को मजबूर हुए।

धनतेरस, दीपावली और गोवर्धन पूजा के बाद अब छठ पर्व को लेकर लोगों का अपने घरों की ओर लौटने का सिलसिला तेज हो गया है। इसी के चलते देहरादून रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में अचानक इजाफा हुआ। मंगलवार सुबह से ही स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। प्लेटफार्म पर लोग अपने सामान के साथ ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए। जैसे-जैसे ट्रेनों के आने का समय हुआ, भीड़ और बढ़ती चली गई।

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने देहरादून से मुजफ्फरपुर के लिए विशेष ट्रेन का संचालन किया है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम हो। लेकिन यात्रियों की संख्या इतनी अधिक रही कि स्पेशल ट्रेन भी भीड़ के आगे कम पड़ गई। ट्रेन में सवार होने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान धक्का-मुक्की जैसे हालात भी देखने को मिले।

वहीं, रेलवे स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए मुस्तैद रहे। सुबह से ही पुलिसकर्मी प्लेटफार्म पर तैनात होकर यात्रियों को नियंत्रित करते नजर आए। व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्लेटफार्म पर सुरक्षा लाइन के ऊपर रस्सी भी लगाई गई थी, जिससे यात्री निर्धारित सीमा के भीतर रहें। पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को कतार में खड़े रहने और ट्रेन में चढ़ते समय सावधानी बरतने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *