Mon. Oct 12th, 2026

गन हाउस के गोदाम में धमाका, एक घायल मुरादाबाद रेफर

बदायूं : इस्लामनगर कस्बे में सोमवार को शिवम गन हाउस के गोदाम में सफाई के दौरान अचानक धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि एयर गन में इस्तेमाल होने वाले कारतूसों से भरी पेटी नीचे गिरने से विस्फोट हुआ। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। इनमें अमित की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर कर दिया गया, जबकि दो अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हादसा कस्बे में बस स्टैंड के पास स्थित गोदाम में हुआ। पुलिस के मुताबिक, सफाई के दौरान कारतूसों से भरी पेटी गिरने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर अमित (40), पुत्र संजय, निवासी सिठोली, राजेश (44), पुत्र चिरोंजीलाल, निवासी मोहल्ला भटनागर, इस्लामनगर और शिवकुमार (43), पुत्र सत्यपाल, निवासी सिठोली घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। अमित की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया। वहीं, राजेश और शिवकुमार को हल्की चोटें आई हैं और उनका इस्लामनगर में ही इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, इस्लामनगर निवासी राजीव कुमार मित्तल के शिवम गन हाउस के गोदाम में यह हादसा हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि गोदाम में हुए धमाके की जांच कराई जा रही है। वहीं, सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *