Sun. Jun 28th, 2026

त्योहारों में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने FDA उत्तराखंड का विशेष अभियान

देहरादून : त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया है। नवरात्रों में अभियान के पहले चरण की सफलता के बाद अब दशहरा और दीपावली को देखते हुए इसका दूसरा चरण शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत राज्यभर में मिठाई प्रतिष्ठानों, डेयरी उत्पाद विक्रेताओं, मिष्ठान भंडारों, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय स्थलों पर सघन सैंपलिंग और निरीक्षण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि त्योहार खुशियों और मिलन का समय होते हैं और मेरी प्राथमिकता है कि हर घर की थाली शुद्ध रहे तथा हर परिवार की खुशियाँ सुरक्षित रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों की खुशियाँ मिलावट से मुक्त हों, यही सरकार की जिम्मेदारी है।

गढ़वाल और कुमाऊँ मंडल के सभी जनपदों में गठित टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। यात्रा मार्गों पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं और मोबाइल वैनों के माध्यम से सैंपलिंग की जा रही है। मुख्यालय स्तर से अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी स्वयं पूरी स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

आयुक्त FDA डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिठाई और दूध-डेयरी उत्पादों में मिलावट की शिकायतें अक्सर सामने आती हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि हर उपभोक्ता को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग का संकल्प है।

त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों की सक्रियता को देखते हुए विभाग ने विशेष रणनीति बनाई है। प्रत्येक जनपद में गठित टीमें मिठाई, दूध, खोया, घी, तेल, मसाले और अन्य लोकप्रिय खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर लैब में जांच के लिए भेज रही हैं। दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि मुख्यालय स्तर से अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *