Sat. Jul 25th, 2026

असम में बाढ़ का कहर जारी: 24 घंटे में 14 मौतें, 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

गुवाहाटी : असम में बाढ़ की स्थितिगंभीर बनी रही। पिछले 24 घंटों में डूबने से 14 और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद इस वर्ष बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। राज्य के नौ जिलों में 7.05 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, ताजा मौतों में चराईदेव जिले में सात, शिवसागर में छह तथा जोरहाट जिले में एक व्यक्ति की डूबने से मृत्यु हुई है।

प्राधिकरण के अनुसार, चराईदेव, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, होजाई, जोरहाट, कार्बी आंगलोंग, नगांव और शिवसागर जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें शिवसागर सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां करीब 3.5 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके बाद चराईदेव में लगभग 1.9 लाख तथा जोरहाट में करीब 1.3 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

इससे पहले बृहस्पतिवार को राज्य के 11 जिलों में 7.21 लाख से अधिक लोगों के प्रभावित होने की जानकारी दी गई थी। हालांकि अब प्रभावित जिलों की संख्या घटकर नौ रह गई है, लेकिन कई क्षेत्रों में बाढ़ का असर अब भी बना हुआ है।

बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है। एएसडीएमए के अनुसार, सात जिलों में 363 राहत शिविर और राहत सामग्री वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां 1,15,205 विस्थापित लोगों को आश्रय उपलब्ध कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *