खाद्य विभाग का अभियान तेज, 83 में से 15 खाद्य पदार्थ जांच में फेल
देहरादून : दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है। इसी क्रम में रविवार को रायपुर चौक और महाराणा प्रताप चौक स्थित मिठाई की दुकानों व खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान खाद्य सचल विश्लेषणशाला की मदद से कुल 83 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई, जिसमें 15 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले। विभाग ने संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर चलाए गए अभियान में अधिकारियों ने मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। जांच के दौरान कमियां मिलने पर दुकानदारों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी गई। वहीं, संदेह के आधार पर तीन प्रतिष्ठानों से विधिक नमूने भी एकत्र किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में गोपाल स्वीट्स से मावा, न्यू लकी स्वीट्स से मावा बर्फी और कृष्णा स्वीट्स शॉप से प्लेन बर्फी का नमूना लिया गया। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि मिठाई विक्रेताओं को खुली मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान मिलावट और घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से निरीक्षण और नमूना जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।