Thu. Nov 12th, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने की शिष्टाचार भेंट

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में राज्यसभा सांसद एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरभजन सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ विभिन्न विषयों पर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने भारतीय क्रिकेट में उनके शानदार योगदान, खेल के प्रति उनके समर्पण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हासिल की गई उपलब्धियों की जमकर सराहना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरभजन सिंह ने अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी, शानदार प्रदर्शन और मेहनत के दम पर विश्व क्रिकेट में एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। क्रिकेट के मैदान पर उनका संघर्ष, अनुशासन, आत्मविश्वास और देश के लिए खेलने का जज्बा आज भी युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरभजन सिंह का खेल जीवन केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल करने की एक प्रेरणादायक मिसाल भी है। उन्होंने कहा कि देश के ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की उपलब्धियां युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करती हैं और उन्हें अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित करती हैं।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हरभजन सिंह के बीच खेलों के विकास सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में विचारों का आदान-प्रदान हुआ। मुख्यमंत्री ने हरभजन सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेल जगत में उनका अनुभव और योगदान देश के युवाओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *