Tue. Apr 28th, 2026

बारात से लौट रहे चार युवकों की दर्दनाक मौत, कार चालक समेत दो घायल

लखीमपुर खीरी : एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर सोमवार देर रात फरधान थाना क्षेत्र के लखनापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कई बार फरधान थाना पुलिस को फोन किया, लेकिन आरोप है कि न तो कॉल रिसीव की गई और न ही पुलिस समय पर मौके पर पहुंची। बाद में नीमगांव थाना क्षेत्र की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से उन्हें आगे इलाज के लिए लखनऊ भेज दिया गया।

घायलों में कार चालक भानु प्रताप उर्फ शालू सिंह पुत्र राजकुमार सिंह निवासी बेहजम और गुंजन पुत्र कमलेश दीक्षित निवासी गाजीपुर मितौली शामिल हैं। वहीं मृतकों की पहचान मोहित शुक्ला (28 वर्ष) पुत्र कमल किशोर निवासी सोनौरा थाना नीमगांव, श्रीकृष्ण शुक्ला पुत्र विनोद कुमार शुक्ला निवासी सोनौरा थाना नीमगांव, अनुज कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी बसारा थाना नीमगांव और आदर्श कुमार पुत्र राम सहोदर निवासी बसारा थाना नीमगांव के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग फरधान थाना क्षेत्र के कैमासुर गांव में एक बारात में शामिल होकर अपने गांव बसरा लौट रहे थे, तभी लखनापुर चौराहे के पास यह हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की जान चली गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *