Sun. Feb 15th, 2026

जिम से लौटते वक्त गैंगस्टर की हत्या, पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा, एक अब भी फरार

देहरादून: कुख्यात विक्रम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा निवासी विशाल और जुगसलाई निवासी आशुतोष के रूप में हुई है। वहीं तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें नोएडा समेत अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

गौरतलब है कि राजधानी देहरादून में शुक्रवार को दिनदहाड़े सिल्वर सिटी मॉल में झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विक्रम शर्मा रोज की तरह मॉल स्थित Anytime Fitness जिम में व्यायाम करने पहुंचा था। सुबह करीब 10 बजकर 10 मिनट पर जब वह जिम से बाहर निकलकर सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था, तभी दो हमलावरों ने उसके सिर में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल विक्रम को पुलिस तुरंत Max Hospital ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुल तीन बदमाश बाइक से मौके पर पहुंचे थे। दो हमलावर मॉल के अंदर पैदल गए और वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ दूरी तक पैदल भागे। इसके बाद वे काले रंग की बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

यह वारदात शहर के पॉश और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने भागते समय अपना चेहरा तक नहीं ढका। बाइक चालक ने हेलमेट पहना था, लेकिन पीछे बैठे दोनों शूटर खुले चेहरे के साथ वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस अब तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *