Wed. Apr 22nd, 2026

बिजली विभाग में लापरवाही पर सरकार का एक्शन मोड, सख्त दिशा-निर्देश जारी

देहरादून : पौड़ी जनपद के रिखणीखाल ब्लॉक स्थित वड्डाखाल क्षेत्र में बिजली की लाइन पर कार्य करते समय संविदा लाइनमैन की करंट लगने से हुई मृत्यु की घटना को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। विधायक महंत दलीप सिंह रावत की शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके तहत उपखण्ड अधिकारी चंद्रमोहन, अवर अभियंता शुभम कुमार और अधिशासी अभियंता विनीत कुमार सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

यह निर्णय राज्य में कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दृष्टि से लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्यस्थल पर सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरण – जैसे हेलमेट, दस्ताने, सेफ्टी बेल्ट और इंसुलेटेड औजार – उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मामले में लापरवाही बरतने वाले सभी कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के उच्चाधिकारियों से इस पूरे प्रकरण पर स्पष्ट स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि यह जानकारी दी जाए कि विभाग के पास कितने सुरक्षा उपकरण हैं और क्या वे प्रभावी रूप से फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों तक पहुँच भी रहे हैं या नहीं।

मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि राज्य सरकार प्रत्येक कर्मचारी के जीवन और सुरक्षा को सर्वोपरि मानती है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को क्षम्य नहीं मानेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। यदि कार्य में कोई भी ढिलाई या लापरवाही संज्ञान में आती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *