Sat. Oct 31st, 2026

बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोगों की मौत

देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से फाटा लौट रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को हाथी पर्वत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी के शव बरामद कर लिए।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार ने हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। फिलहाल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से शवों को सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं। हेलीकॉप्टर में पायलट हिमांशु के अलावा प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एचएस नागाराजा सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के सिविल हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर 1 बजकर 12 मिनट पर बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी। हेलीकॉप्टर को सहस्रधारा, देहरादून के लिए रवाना होना था। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद ही हेलीकॉप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल और रेडियो संपर्क टूट गया। इसके बाद लगातार संपर्क स्थापित करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले सेना के सिग्नल सेंटर की टीम ने उससे धुआं निकलते और तेजी से नीचे की ओर आते हुए देखा था। हेलीकॉप्टर की आखिरी लोकेशन जोशीमठ के चाई गांव के पास मिली थी। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि हेलीकॉप्टर पहाड़ी चट्टान से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

घटनास्थल के आसपास की पहाड़ियों में हल्की बर्फबारी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें लगातार अभियान में जुटी रहीं।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात कही और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *