Sat. May 23rd, 2026

हेमकुंड साहिब यात्रा का आज से शुभारंभ, हजारों श्रद्धालु पहुंचेंगे

चमोली : आज पूरे विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हेमकुंड साहिब पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अनुसार पहले दिन करीब 7000 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब में मत्था टेकने पहुंच सकते हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है और गोविंदघाट से लेकर घांघरिया तक श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।

गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह नौ बजे गुरुग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में सचखंड से दरबार साहिब में सुशोभित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे सुखमणी साहिब का पाठ आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर सबद कीर्तन का आयोजन किया जाएगा और वातावरण गुरुबाणी से गुंजायमान रहेगा।

उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर विधिवत रूप से हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के बाद गुरुद्वारे में पहली अरदास होगी और संगत की खुशहाली व विश्व शांति की कामना की जाएगी। इसके बाद दोपहर एक बजे हुक्मनामा लिया जाएगा। इसी के साथ इस वर्ष की हेमकुंड साहिब यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो जाएगा।

यात्रा को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह चिकित्सा शिविर, सुरक्षा बल और राहत टीमें तैनात की गई हैं। वहीं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से भी श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *