आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी; 5 की मौत
उन्नाव : बुधवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। बांगरमऊ थाना क्षेत्र के देवखारी गांव के पास सुबह करीब 4:30 बजे एक प्राइवेट स्लीपर बस और अर्टिगा कार की जोरदार टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, स्लीपर बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर अर्टिगा कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस रेलिंग तोड़कर नीचे सड़क पर जा गिरी। वहीं, अर्टिगा कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
हादसे में कार सवार धुनमुन (60), अंजू (40), दिव्या (6), अमृता (13) और चालक विनोद (45) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा कार में सवार चार अन्य लोग तथा बस में सफर कर रहे चार यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
बांगरमऊ के सर्कल ऑफिसर हर्ष मोदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। जिला प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि जिला मजिस्ट्रेट घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।