भारी बारिश का असर: केदारनाथ पैदल मार्ग पर बोल्डर गिरने से यात्रा रोकी गई
रुद्रप्रयाग : जिले में लगातार हो रही बारिश का असर केदारनाथ यात्रा पर भी दिखाई दिया है। शुक्रवार सुबह भैरवनाथ मंदिर के समीप जंगलचट्टी क्षेत्र में पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने के बाद प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवाजाही रोक दी।
सुरक्षा कारणों से गौरीकुंड गेट से श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई और उन्हें वापस लौटाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात हुई बोल्डर गिरने की घटना के बाद पैदल मार्ग को असुरक्षित मानते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया।
प्रशासन के निर्देश पर पुलिस, डीडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं। मार्ग से मलबा और बोल्डर हटाने का कार्य जारी है, जबकि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि रास्ते को जल्द सुरक्षित बनाया जा सके।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए फिलहाल पैदल मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद रखी गई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच के बाद मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने पर ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम और यात्रा से संबंधित आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें तथा अगली सूचना मिलने तक केदारनाथ पैदल मार्ग की ओर प्रस्थान न करें।