Sat. Apr 18th, 2026

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने जीता लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप

टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने वह कमाल कर दिखाया, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। इस जीत के साथ भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की सबसे सफल टीम बन गई है।

भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इंग्लैंड और वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ दिया है। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने अब तक दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है, जबकि भारत अब तीन बार यह खिताब अपने नाम कर चुका है। इसके साथ ही भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली मेजबान टीम भी बन गई है।

इतना ही नहीं, भारत टी20 वर्ल्ड कप का सफलतापूर्वक खिताब बचाने वाली पहली टीम भी बन गया है। इससे पहले टूर्नामेंट के नौ संस्करणों में कोई भी डिफेंडिंग चैंपियन फाइनल तक नहीं पहुंच पाया था। भारत ने इस बार यह रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत ने पहली बार न्यूजीलैंड को हराया। इससे पहले भारतीय टीम कीवियों से तीन मुकाबले हार चुकी थी। इस जीत के साथ भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में न्यूजीलैंड से पुराना हिसाब भी चुकता कर लिया। इससे पहले न्यूजीलैंड भारत को हराकर दो बार आईसीसी खिताब जीत चुका है। वर्ष 2000 में न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, जबकि 2021 में उसने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल अपने नाम किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। उन्होंने रविवार को लगातार दूसरा आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया की सराहना करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “चैंपियंस! आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई।”

उन्होंने कहा कि यह शानदार जीत खिलाड़ियों के असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन टीमवर्क को दर्शाती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम ने शानदार जज्बा दिखाया और इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। उन्होंने अंत में लिखा, “शाबाश, टीम इंडिया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *