Sun. Apr 19th, 2026

26 वर्षीय युवती का शव: शरीर पर चोट के निशान, हत्या या ओवरडोज—जांच में जुटी पुलिस

देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा इलाके में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रिस्पना नदी किनारे एक खंडहरनुमा मकान में 26 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया।

मृतका की पहचान शिवानी अरोरा (26) निवासी पंचपुरी सूरज बस्ती, अधोईवाला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उसकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी और वह लंबे समय से नशे की लत से जूझ रही थी। उसे पहले भी तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया जा चुका था। परिवार एक बार फिर उसे हरिद्वार स्थित नशा मुक्ति केंद्र भेजने की तैयारी कर रहा था, लेकिन बीते तीन-चार दिनों से वह घर नहीं लौट रही थी।

पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में मामला नशे की ओवरडोज से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवती के शरीर, खासकर आंख और पैर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।

घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ओवरडोज का लग रहा है, लेकिन किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *