Sat. Jun 13th, 2026

चारधाम यात्रा मार्गों पर डीएम को मौसम के अनुसार यातायात रोकने के निर्देश

updated news

देहरादून :चारधाम यात्रा को लेकर ताजा अपडेट के अनुसार यमुनोत्री हाईवे अब भी कई स्थानों पर बंद है, जिससे तीसरे दिन भी सैकड़ों श्रद्धालु रास्ते में फंसे हुए हैं। प्रशासनिक टीमें अभी तक मौके पर नहीं पहुंची हैं, लेकिन स्थानीय लोग फंसे हुए श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था कर रहे हैं।

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलाई बैंड और ओजरी के पास भूस्खलन और सड़कों के बह जाने के कारण मार्ग अवरुद्ध है। वहीं, स्याना चट्टी क्षेत्र में यमुना नदी पर बनी झील की स्थिति यथावत बनी हुई है। प्रभावित मार्ग को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

इसके विपरीत गंगोत्री धाम की यात्रा फिलहाल सुचारु रूप से चल रही है और यात्रा मार्ग पूरी तरह से खुला है। यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी हुई है।

भारी बारिश को देखते हुए प्रदेश सरकार ने रविवार को चारधाम यात्रा पर अस्थायी रोक लगाई थी, जिसे सोमवार सुबह हटा लिया गया। सरकार ने जिलाधिकारियों को मौसम की स्थिति के अनुसार यात्रा संचालन पर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।

चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन की रिपोर्ट के अनुसार अब तक चारधाम और हेमकुंड साहिब में 19 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त 2684 श्रद्धालुओं ने ऑफलाइन माध्यम से यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि यात्रा पर लगाया गया चौबीस घंटे का प्रतिबंध हटा लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है और प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को मौसम के अनुसार यातायात नियंत्रण के अधिकार दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *