Wed. Apr 22nd, 2026

कांवड़ मेला सुरक्षा के लिए अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित

हरिद्वार: कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जीआरपी मुख्यालय रानीपुर में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में रेलवे, आरपीएफ, मुरादाबाद और सहारनपुर जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता एसपी जीआरपी तृप्ति भट्ट ने की। मेले के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक रणनीति बनाई गई है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ मेला क्षेत्र के सभी रेलवे स्टेशनों को दो सुपर जोन, तीन जोन और छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि समुचित निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। हरिद्वार, योगनगरी ऋषिकेश और रुड़की जैसे प्रमुख स्टेशनों पर कांवड़ियों के अत्यधिक आवागमन की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्था की जा रही है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से 300 सीसीटीवी कैमरे मेला क्षेत्र में लगाए जा रहे हैं, जिनसे संदिग्ध गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाएगी। सीमावर्ती जिलों और राज्यों के बीच समन्वय बनाकर ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। एसपी तृप्ति भट्ट ने बताया कि बम निरोधक दस्ते (बीडीएस), एंटी सबोटाज टीमें और डॉग स्क्वायड लगातार सक्रिय रहेंगे।

महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

जीआरपी के 200 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी मेला ड्यूटी में तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त आईआरबी द्वितीय की प्लाटून और आरपीएफ के सहयोग से प्रमुख ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी और एटीएस (एंटी टेरर स्क्वॉड) की टीमें भी नियुक्त की जाएंगी, जिससे कांवड़ मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *