Sat. Jul 11th, 2026

पत्नी के पहले जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, युवक की संदिग्ध मौत

हल्द्वानी / देहरादून: हल्दूचौड़ (दीना डी क्लास)। पत्नी के जन्मदिन को खास बनाने के लिए हरिद्वार से छुट्टी लेकर घर आए एक युवक की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रात तक परिवार के साथ हंसी-खुशी जन्मदिन मनाने वाला युवक सुबह बिस्तर पर मृत मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। चिकित्सक प्राथमिक तौर पर इसे साइलेंट हार्ट अटैक का मामला मान रहे हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, हल्दूचौड़ के दीना डी क्लास निवासी कमल आर्य (30) हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी में कार्यरत थे। उनकी शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता निवासी एक युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद यह उनकी पत्नी का पहला जन्मदिन था। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए कमल विशेष रूप से छुट्टी लेकर गुरुवार को घर पहुंचे थे।

परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद कमल ने पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जन्मदिन मनाया। घर में खुशी का माहौल था। देर रात तक सभी ने साथ समय बिताया और भोजन के बाद कमल सोने चले गए। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी।

बताया जा रहा है कि कमल को शुक्रवार सुबह हरिद्वार ड्यूटी के लिए वापस लौटना था। इसके लिए उन्हें लालकुआं रेलवे स्टेशन से सुबह छह बजे की ट्रेन पकड़नी थी। निर्धारित समय पर अलार्म बजा, लेकिन काफी देर तक कमल के नहीं उठने पर उनकी पत्नी उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं। कई बार आवाज देने और हिलाने-डुलाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह घबरा गईं और शोर मचा दिया।

पत्नी की आवाज सुनकर परिजन भी कमरे में पहुंचे। कमल की हालत देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्हें हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के चिकित्सकों का प्राथमिक अनुमान है कि कमल की मौत साइलेंट हार्ट अटैक के कारण हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कमल आर्य अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी के महज ढाई महीने बाद ही पत्नी के सिर से पति का साया उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ घंटे पहले जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *