Mon. Jul 27th, 2026

कांवड़ यात्रा: देहरादून में शहर में नहीं घुसेंगे कांवड़ियों के वाहन, ट्रैफिक प्लान लागू

देहरादून : कांवड़ यात्रा के दौरान शहर को जाम से बचाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत कांवड़ियों के वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पांवटा साहिब की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को धर्मावाला से ही वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि दिल्ली-दून एक्सप्रेस वे के रास्ते आने वाले वाहनों को भी शहर की सीमा से पहले ही यू-टर्न कराया जाएगा।

पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था इसलिए लागू की जा रही है क्योंकि शहर में स्कूल खुल चुके हैं और छुट्टी के समय ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। वहीं लगातार बारिश के कारण कई सड़कों की हालत भी खराब है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो गई है। ऐसे में कांवड़ यात्रियों के वाहनों के शहर में प्रवेश करने से स्थिति और बिगड़ सकती है।

यातायात पुलिस ने कांवड़ यात्रियों के लिए निर्धारित मार्गों पर दिशा-सूचक संकेतक लगाने की तैयारी की है। साथ ही यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, चेक पोस्टों, पुलिस चौकियों और सीमावर्ती बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिसकर्मी आने-जाने वाले कांवड़ वाहनों की निगरानी करेंगे और उन्हें तय रूट प्लान का पालन कराएंगे। ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर पूरे अभियान की निगरानी की जाएगी।

इस बीच मौसम विभाग ने अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि इस विशेष ट्रैफिक प्लान का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करना और आम लोगों को अनावश्यक जाम से राहत देना है। उन्होंने कहा कि खासतौर पर स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर आने-जाने वाले लोगों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही बाधित न हो, इसे ध्यान में रखकर यह व्यवस्था लागू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *