बर्फ से ढका केदारनाथ धाम, ठंड के बीच श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार
रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी ने पूरी केदारपुरी को बर्फ की सफेद चादर से ढक दिया है। चारों ओर बर्फ से ढकी पहाड़ियां और धाम का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शुक्रवार को भी धाम में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। कड़ाके की ठंड और खराब मौसम के बीच भी बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है।
धाम में तापमान लगातार गिरने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रख रही हैं। श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर यात्रा करने की अपील की गई है। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है।
वहीं, रुद्रप्रयाग जिले के निचले क्षेत्रों में भी मौसम का असर देखने को मिला। शुक्रवार सुबह से ही जिला मुख्यालय समेत गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ में आसमान बादलों से घिरा रहा। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। तापमान में गिरावट के चलते लोगों ने एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
दर्शनार्थियों का आंकड़ा 18.60 लाख के पार
प्रतिकूल मौसम के बावजूद केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। 29 अक्तूबर को कुल 7,328 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में अब तक दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 18,60,360 पहुंच गई है।