Tue. Apr 21st, 2026

12 से 14 अगस्त तक केदारनाथ यात्रा पर भी रोक

चमोली : मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर रोक लगा दी है। चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 12, 13 और 14 अगस्त को जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को भी तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया है।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि सभी विभागों को सतर्क और अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। वार्निंग सिस्टम का परीक्षण पूरा कर लिया गया है और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। सुरक्षा कारणों से केदारनाथ धाम की यात्रा पर अस्थायी रोक लगाई गई है, ताकि संभावित खतरे से बचा जा सके।

प्रशासन ने सभी राष्ट्रीय राजमार्गों के डेंजर जोन पर 24 घंटे जेसीबी और पोकलेन मशीनें तैनात कर दी हैं, ताकि मार्ग बाधित होने की स्थिति में उन्हें तुरंत खोला जा सके। पुलिस, लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों को लगातार अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *