Sat. May 23rd, 2026

पांचवीं मंजिल से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर गिरी लिफ्ट, पांच लोग घायल

ऋषिकेश : वीरभद्र रोड स्थित एक होटल में देर रात बड़ा हादसा हो गया, जब होटल की पांचवीं मंजिल पर बने रेस्टोरेंट से खाना खाकर लौट रहे पर्यटकों की लिफ्ट अचानक खराब होकर नीचे गिर गई। हादसे में लिफ्ट में सवार पांच पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से 22 सदस्यीय पर्यटक दल तीर्थनगरी घूमने आया था। सभी लोग देर रात होटल के रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद कुछ पर्यटक लिफ्ट के जरिए नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट की तार टूट गई और लिफ्ट पांचवीं मंजिल से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी। तेज धमाके की आवाज सुनते ही होटल कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायल पर्यटकों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल पर्यटकों ने होटल प्रबंधन पर लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर लिफ्ट की तकनीकी जांच कराई जाती तो इस बड़े हादसे को टाला जा सकता था।

कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *