शादी से मुकरा प्रेमी तो युवती ने उसके घर में खाया जहर, मौत
मुरादाबाद : शादी से इन्कार करने पर प्रेमी के घर पहुंची युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। युवती की मां ने प्रेमी समेत उसके परिवार के पांच लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मझोला थाना क्षेत्र के नया गांव गागन निवासी गीता के अनुसार, करीब पांच साल पहले बड़ी बेटी के पति रवि और सास नन्ही की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी छोटी बेटी कविता (18) अपनी बड़ी बहन के घर रहने लगी थी। इसी दौरान पैपटपुरा निवासी अमित (23) से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। दोनों परिवार शादी के लिए भी सहमत थे।
आरोप है कि 24 अक्टूबर को अमित ने फोन कर कविता को शादी की बात करने के लिए अपने घर बुलाया था। युवती जब पैपटपुरा पहुंची तो अमित और उसके परिजनों ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इससे आहत होकर कविता ने प्रेमी के घर पर ही सल्फास खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर भी परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय वीडियो बनाने शुरू कर दिए। कुछ देर बाद युवती की मौत हो गई।
मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने अमित, उसके पिता आनंद, मां सुमन्ना, बहन रजनी और भाई सुमित के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ हाईवे वरुण कुमार के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।