Wed. Apr 22nd, 2026

लखनऊ के बेटे शुभांशु की अंतरिक्ष से वापसी पर परिवार हुआ भावुक

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से अपना अंतरिक्ष मिशन पूरा कर सकुशल धरती पर लौट आए। मंगलवार को अपराह्न तीन बजे उनका अंतरिक्ष यान कैलिफोर्निया के तट पर सफलतापूर्वक उतरा। जैसे ही लैंडिंग की पुष्टि हुई, लखनऊ स्थित उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

शुभांशु शुक्ला के माता-पिता शंभू दयाल शुक्ला और आशा देवी ने इस ऐतिहासिक क्षण को सजीव प्रसारण के माध्यम से देखा। लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) में इस विशेष मौके को देखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। बेटे को सकुशल लौटता देख माता-पिता भावुक हो उठे। मां आशा देवी ने कहा, “यह हमारे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। जब यान लैंड कर रहा था तब थोड़ी घबराहट जरूर हुई, लेकिन ईश्वर की कृपा से सब अच्छा हुआ। उन्होंने ही उसे वहां तक पहुंचाया और सुरक्षित वापस भी लेकर आए।”

शुभांशु की बहन शुचि मिश्रा ने कहा, “वो वापस आ गए हैं, यह पूरे देश के लिए बहुत गौरव का क्षण है। हम बहुत उत्साहित और भावुक हैं।”

शुभांशु शुक्ला का यह मिशन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उनके साहस और सफलता ने युवाओं को प्रेरणा देने का काम किया है और अंतरिक्ष विज्ञान में भारत की बढ़ती भूमिका को और अधिक सशक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *