Thu. Apr 23rd, 2026

जम्मू-कश्मीर के कंदवा क्षेत्र में बड़ा हादसा, देश ने खोए तीन बहादुर सपूत

जम्मू-कश्मीर : उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवानों की जान चली गई और 15 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन का वाहन एक ऑपरेशन से लौट रहा था। वाहन में कुल 23 जवान सवार थे और यह कंदवा क्षेत्र में सड़क से फिसलकर एक गहरे नाले में जा गिरा। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुँचीं और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरे जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति जवानों की सेवा को भुलाया नहीं जा सकता और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उपराज्यपाल कार्यालय ने यह भी जानकारी दी कि वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत आवश्यक सहायता और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी इस दुर्घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उधमपुर की जिलाधिकारी सुश्री सलोनी राय से बातचीत की है, जो मौके की निगरानी कर रही हैं। मंत्री ने बताया कि राहत व बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं और स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए हैं।यह हादसा एक बार फिर से दूर-दराज के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के समर्पण और उनके सामने आने वाली चुनौतियों की याद दिलाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *