बदरीनाथ धाम में चढ़ावा गड़बड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई, खजांची बदला गया
चमोली / देहरादून: बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित हेराफेरी के मामले में जांच तेज होने के साथ ही बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने पहली प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दान गणना के खजांची संदेश मेहता को उनके पद से हटा दिया है। उनकी जगह पूजा कार्यालय में कार्यरत केदार सिंह रावत को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा मामले से जुड़े अन्य कर्मचारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।
चढ़ावा गड़बड़ी प्रकरण की फिलहाल तीन स्तरों पर जांच चल रही है। बीकेटीसी की चार सदस्यीय जांच समिति अपनी जांच पूरी कर चुकी है, जबकि पुलिस और शासन स्तर पर गठित उच्च स्तरीय समितियां भी मामले की पड़ताल में जुटी हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित समिति ने बदरीनाथ मंदिर पहुंचकर चढ़ावे की गणना व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। समिति ने बीकेटीसी अधिकारियों से गणना प्रक्रिया की जानकारी ली और गणना कक्ष की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
जांच के दौरान समिति ने गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का भी परीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चढ़ावे की कथित हेराफेरी से जुड़े तथ्यों की विस्तार से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।