Tue. Nov 10th, 2026

उपनल के खाते में बड़ी सेंधमारी, जालसाजों ने 14 फर्जी चेक से निकाले 68 लाख

देहरादून : उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के बैंक खाते में सेंध लगाकर जालसाजों ने 68.39 लाख रुपये की रकम उड़ा दी। शातिरों ने फर्जी हस्ताक्षर कर 14 कूटरचित चेक तैयार किए और उनके जरिए अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद आरोपियों ने 24.43 लाख रुपये की एक और बड़ी रकम निकालने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते बैंक को धोखाधड़ी का पता चल गया और भुगतान रोक दिया गया। मामले में पीएनबी के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर देहरादून कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उपनल का चालू खाता हाथीबड़कला स्थित पंजाब नेशनल बैंक की सर्वे ऑफ इंडिया शाखा में है। बैंक को 18 जून 2026 को उपनल की ओर से सूचना मिली कि एक दिन पहले यानी 17 जून को क्लियरिंग के दौरान 14 चेकों के माध्यम से खाते से 68 लाख 39 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए हैं। उपनल प्रबंधन ने बैंक को बताया कि न तो ये चेक जारी किए गए थे और न ही मूल चेकबुक किसी के पास गई थी। इसके बाद बैंक ने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि धोखाधड़ी से निकाली गई रकम अलग-अलग बैंकों के खातों में पहुंचाई गई थी। इनमें केनरा बैंक में एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज, बैंक ऑफ बड़ौदा में सुप्रियो मुखर्जी, बैंक ऑफ इंडिया में सुभजीत मंडल और भारतीय स्टेट बैंक में सौरव विश्वास के नाम से खुले खाते शामिल हैं।

आरोपियों ने 18 जून को उसी चेक सीरीज के पांच अन्य फर्जी चेक भी क्लियरिंग के लिए लगा दिए थे। इन चेकों के जरिए 24 लाख 43 हजार 700 रुपये निकालने की तैयारी थी, लेकिन बैंक ने उपनल की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भुगतान रोक दिया। इससे सरकारी उपक्रम को होने वाला अतिरिक्त आर्थिक नुकसान बच गया।

बैंक ने धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद संबंधित बैंकों से संपर्क कर संदिग्ध खातों में जमा रकम रोकने को कहा। इस कार्रवाई में केनरा बैंक ने एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज के खाते को फ्रीज कर उसमें मौजूद 16 लाख 54 हजार 581 रुपये होल्ड कर दिए हैं। शेष रकम की तलाश और रिकवरी के प्रयास जारी हैं।

पीएनबी शाखा प्रबंधक मनीष शर्मा के अनुसार, बैंक की ओर से 20 जून को ही पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन उस समय मामले में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। बाद में एसएसपी के समक्ष शिकायत रखी गई, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज हुई। अब पुलिस बैंक खातों की केवाईसी जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि इस धोखाधड़ी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कमल सिंह रावत को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *