Wed. Sep 9th, 2026

असम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.3 लाख याबा गोलियां जब्त

गुवाहाटी : असम के कछार जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 करोड़ रुपये मूल्य की याबा गोलियां बरामद की हैं। इस मामले में एक संदिग्ध तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कार्रवाई की जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, कछार पुलिस ने लखीपुर के शिवपुर इलाके में एक ट्रक की तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखी गईं 2.3 लाख याबा गोलियां बरामद कीं। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 23 करोड़ रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर को भी गिरफ्तार किया।

हिमंत विश्व शर्मा ने इस कार्रवाई के लिए असम पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ अभियान पूरी ताकत से जारी रहेगा।

याबा गोलियों को थाई भाषा में ‘क्रेजी मेडिसिन’ कहा जाता है। यह अत्यधिक नशीली दवा है, जिसमें मेथमफेटामीन और कैफीन पाया जाता है। भारत में यह मादक पदार्थ अवैध है। मेथमफेटामीन को स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत अनुसूची-दो में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *