Mon. Apr 20th, 2026

मन की बात ने देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया: रेखा आर्या

देहरादून : कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को अंबेडकर नगर मंडल के अंतर्गत इंद्रेश नगर स्थित सामुदायिक भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 125वें एपिसोड को सुना और उपस्थित लोगों के साथ अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि इस बार का मन की बात एपिसोड विशेष रूप से खिलाड़ियों और खेल जगत के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा है।

खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लगभग तीस मिनट के इस संवाद में करीब एक तिहाई समय खिलाड़ियों को समर्पित किया, जो इस बात का प्रतीक है कि वे भारत को खेलों की महाशक्ति बनाने के अपने विजन को कितनी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने देश के विजेता खिलाड़ियों से फोन पर बातचीत कर न केवल उनका हौसला बढ़ाया बल्कि उनके अभिभावकों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी अपने बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर दिया। रेखा आर्या ने कहा कि इस खेल प्रेम से उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में प्रतिष्ठित करने का हमारा संकल्प और अधिक मजबूत हुआ है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का यह दृष्टिकोण केवल खेलों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने युवाओं के लिए भी एक नई दिशा प्रस्तुत की है। यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में मामूली अंतर से पीछे रह जाने वाले हजारों प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए “प्रतिभा सेतु पोर्टल” की शुरुआत की गई है। इस पोर्टल के माध्यम से ऐसे युवाओं को उद्योग जगत से जोड़ा जाएगा और उन्हें लाखों रुपए के पैकेज वाली नौकरियों का अवसर मिलेगा। रेखा आर्या के अनुसार यह कदम प्रधानमंत्री के दूरदर्शी दृष्टिकोण का एक और महत्वपूर्ण आयाम है, जो देश की प्रतिभाओं को सही मंच देने में सहायक होगा।

कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात के इस विशेष अवसर पर सभी देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि अमेरिका द्वारा औचित्यहीन टैरिफ लगाए जाने की परिस्थितियों में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करना न केवल आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करेगा, बल्कि यह समय की सबसे बड़ी आवश्यकता भी है। स्वदेशी को अपनाना हमारी संस्कृति, हमारी अर्थव्यवस्था और हमारे भविष्य को सुरक्षित करने का मार्ग है।

इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, पार्षद मनोज जाटव, मंडल महामंत्री अक्कू जैन, नरेश जाटव, रानी आर्या, अजय मित्तल, विवेक बिरला, सविता, निखिल, लेखराज जाटव सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे और सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात करने तथा उन्हें अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *